उत्तराखण्डदेहरादून

विजय दिवस की तैयारियों की समीक्षा – सैनिक कल्याण मंत्री जोशी ने कहा – 25 जुलाई को निकलेगी ‘रन फॉर कारगिल हीरोज़’ यात्रा

कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश
देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को सैनिक कल्याण निदेशालय में आगामी 26 जुलाई को मनाए जाने वाले कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सैनिक कल्याण मंत्री जोशी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शौर्य दिवस पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम भव्य, गरिमापूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न किए जाएं। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि एक दिन पूर्व 25 जुलाई को कारगिल के अमर शहीदों की स्मृति में ‘रन फॉर कारगिल हीरोज़’ यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जो शौर्य स्थल, चीड़बाग से प्रारंभ होकर गांधी पार्क में संपन्न होगी। उन्होंने यात्रा की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जनपदों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा उनकी प्रभावी रूपरेखा तैयार की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, वीर माताओं तथा आमजन की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन करने का दिवस है और प्रदेशभर में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जो युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक प्रबल करें तथा शहीदों के बलिदान के प्रति सम्मान का संदेश दें।
शौर्य दिवस का मुख्य राज्य स्तरीय समारोह देहरादून के गांधी पार्क में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान कारगिल युद्ध में शहीद हुए उत्तराखंड के वीर सैनिकों के परिजनों, वीर नारियों और वीर माताओं को सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर दायित्वधारी शमशेर सिंह बिष्ट, सचिव सैनिक कल्याण युगल किशोर पंत, अपर सचिव एवं निदेशक सैनिक कल्याण श्याम सिंह, उपनिदेशक सैनिक कल्याण निधि बधानी सहित अन्य अधिकारीगण एवं पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button