धामी सर्वाधिक लंबे कालखंड वाले सीएम, उत्तराखंड देश में रोल मॉडल बना: भट्ट , कहा – पुष्कर सरकार ने मुख्यसेवक के साथ सेवा में भी रचे कीर्तिमान

सर्वाधिक लंबे कालखंड वाले मुख्य सेवक बनने पर भाजपा परिवार ने दी बधाई ,
सीएम धामी की ऐतिहासिक उपलब्धि पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए गौरवशाली: भट्ट,
कालखंड सिर्फ आंकड़ा नहीं, बल्कि साहसिक और युगांतरकारी निर्णयों का दस्तावेज
देहरादून। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश में सर्वाधिक समय तक सेवा काल वाले मुख्यसेवक बनने पर सभी पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि को समस्त पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए बेहद गौरवान्वित करने वाला बताया। साथ ही समय के आंकड़ों से अलग, उनके सीएम कार्यकाल को विकास, विरासत और पहचान के मानदंडों पर देश में बड़ी लकीर खींचने वाला बताया।
इस अवसर पर जारी बयान में प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी का यह कार्यकाल सिर्फ समय के आंकड़ों में ही दर्ज करने वाला नहीं है, बल्कि अनेकों साहसिक और युगांतरकारी निर्णयों के लिए इतिहास में याद रखा जाने वाला है। ये कालखंड सीएम धामी के नेतृत्व में लिए गए बड़े ऐतिहासिक निर्णय और साहसिक कदम के लिए भी अभूतपूर्व है। जिसके क्रम में यूसीसी की बात करें तो आजादी के बाद समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना। देश का सबसे कठोरतम नकल निरोधक कानून लागू कर शिक्षा माफियाओं का पूर्ण सफाया किया गया। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करते हुए राज्य के इतिहास में रिकॉर्ड 34 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां मुख्यमंत्री धामी ने दी हैं।
इसी तरह राज्य की डेमोग्राफी बदलने की साजिशों को नाकाम करने के लिए कठोरतम धर्मांतरण एवं दंगारोधी कानून लाया गया। अवैध कब्जों के खिलाफ युद्धस्तर पर अभियान चलाकर हजारों एकड़ सरकारी भूमि को मुक्त कराकर गलत मंसूबे नेस्तानाबूद किए। भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस पर चलते हुए कड़ी कार्रवाई से आईएएस, आईपीएस और आईएफएस जैसे बड़े-बड़े मगरमच्छों को भी सलाखों के पीछे पहुंचाने का साहस धामी सरकार ने दिखाया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में हमारी सरकार द्वारा उठाए गए अनेकों ऐतिहासिक कदम आज देश के अन्य राज्यों के लिए एक बेहतरीन रोल मॉडल बन चुके हैं।





