उत्तराखण्डदेहरादूनराजनीति

दून में कल छात्रों से रूबरू होंगे राहुल गांधी, उत्तराखंड कांग्रेस ने की छात्रों की ‘गूंज’ कार्यक्रम की पूरी तैयारी

छात्रों के महासम्मेलन को लेकर कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल
देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर राजधानी देहरादून में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले इस महासम्मेलन से पहले उत्तराखंड कांग्रेस ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने स्वयं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और राज्यभर के युवाओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया।
गुरुवार को गणेश गोदियाल ने बन्नू स्कूल मैदान पहुंचकर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग और अन्य तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता भुवन कापड़ी तथा पार्टी के राष्ट्रीय सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की तैयारियों पर दिल्ली से पहुंचे राहुल गांधी के करीबी सहयोगी मनोज त्यागी भी सुबह से ही मैदान में डटे रहे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते नजर आए।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि तैयारियों से प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल संतुष्ट हैं। उन्होंने प्रदेशभर के छात्रों और युवाओं से अपील की कि वे बड़ी संख्या में देहरादून पहुंचकर राहुल गांधी के विचारों और संदेश को सुनें तथा कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएं।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी छात्रों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं, सुझावों और भविष्य की अपेक्षाओं को सुनेंगे। शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार के अवसरों, युवाओं के पलायन और करियर से जुड़े मुद्दे चर्चा के केंद्र में रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button