उत्तराखण्डदेश-विदेशदेहरादूनमनोरंजन

दून फिल्म स्कूल में भारत–ब्राज़ील फिल्म एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम 2026 का भव्य शुभारंभ, CG केएस चौहान ने कहा – फिल्म निर्माण और फिल्म शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान बना रहा उत्तराखण्ड

कार्यक्रम में देश-विदेश से आए शिक्षाविदों, फिल्म विशेषज्ञों, अतिथियों, संकाय सदस्यों तथा विद्यार्थियों की रही मौजूदगी 
देहरादून। दून फिल्म स्कूल की और से दून सोसायटी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन एवं ब्राज़ील की प्रतिष्ठित संस्था Cinema No Interior के संयुक्त तत्वावधान में “भारत–ब्राज़ील फिल्म एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम 2026” का शुभारंभ सोमवार को दून लाइब्रेरी एंड रिसर्च सेंटर, देहरादून में आयोजित भव्य ओरिएंटेशन सह उद्घाटन समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में देश-विदेश से आए शिक्षाविदों, फिल्म विशेषज्ञों, अतिथियों, संकाय सदस्यों तथा विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की मेजबानी दून फिल्म स्कूल के प्रबंध निदेशक  सिद्धार्थ प्रियदर्शी ने की। उन्होंने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और ब्राज़ील के बीच यह पहल केवल एक शैक्षणिक आदान-प्रदान कार्यक्रम नहीं, बल्कि सिनेमा के माध्यम से दो संस्कृतियों, दो समाजों और दो रचनात्मक परंपराओं को जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  के. एस. चौहान, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद  रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखण्ड फिल्म निर्माण और फिल्म शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है तथा ऐसे अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए वैश्विक अवसरों के नए द्वार खोलेंगे।
समारोह के विशिष्ट अतिथि डॉ. हेमंत बिष्ट, उप परीक्षा नियंत्रक, श्रीदेव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय, ने विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय सहयोग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम रचनात्मक शिक्षा को नई दिशा प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर भारत सरकार, संस्कृति मंत्रालय के सलाहकार डॉ. एम. के. ओटानी, नज़रबट्टू प्रोडक्शंस के  अमीन खान, Coloured Checkers के  वैभव गोयल, तथा ब्राज़ील से पधारे Cinema No Interior के प्रतिनिधि  एंटोनियो मार्कोस गोम्स डी कार्वाल्हो एवं सुश्री मारिया लॉरा विएरा कैवलकांती वियाना ने भी अपने विचार साझा किए। सभी वक्ताओं ने भारत और ब्राज़ील के बीच सिनेमा और संस्कृति के क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग की संभावनाओं पर बल दिया।
अपने स्वागत उद्बोधन में सिद्धार्थ प्रियदर्शी ने कहा कि“सिनेमा सीमाओं को नहीं मानता। यह लोगों, संस्कृतियों और विचारों को जोड़ने वाली सार्वभौमिक भाषा है। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल फिल्म निर्माण की तकनीक सिखाना नहीं, बल्कि उन्हें वैश्विक सोच, सांस्कृतिक संवेदनशीलता और रचनात्मक नेतृत्व के लिए तैयार करना है।”
कार्यक्रम के दौरान दून फिल्म स्कूल के डीन  एस. आर. मुकेश ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा उन्हें संस्थान के सभी संकाय सदस्यों एवं विभागाध्यक्षों से परिचित कराया। उन्होंने विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक संस्कृति, व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रणाली तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें अपने रचनात्मक सफर की सकारात्मक शुरुआत के लिए प्रेरित किया।
ओरिएंटेशन सत्र में भारत–ब्राज़ील फिल्म एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की गई। विद्यार्थियों को आगामी कार्यशालाओं, मास्टरक्लास, संयुक्त फिल्म निर्माण, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा अकादमिक सहयोग से संबंधित जानकारी दी गई। भारतीय एवं ब्राज़ीली विद्यार्थियों ने एक-दूसरे से परिचय प्राप्त कर अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर दून सोसायटी ऑफ़ फिल्म एंड टेलीविजन के अध्यक्ष  जय सिंह तथा सोसायटी के अन्य सम्मानित सदस्य भी उपस्थित रहे। उन्होंने इस अंतरराष्ट्रीय पहल की सराहना करते हुए इसे उत्तराखण्ड और भारत के फिल्म शिक्षा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में Canon India (ऑफिशियल इमेजिंग पार्टनर), उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद (UFDC), उत्तराखण्ड शासन, Coloured Checkers Films & Entertainment Pvt. Ltd. तथा Videoshala OTT का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
आयोजकों ने सभी सहयोगी संस्थाओं एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह के अंत में दून फिल्म स्कूल के प्राचार्य एवं निदेशक डॉ. देवीदत्त ने सभी अतिथियों, ब्राज़ील से आए प्रतिनिधिमंडल, सहयोगी संस्थाओं, संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा आयोजन टीम का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम भारत और ब्राज़ील के बीच सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक संबंधों को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button