उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा – मनरेगा पर हमला बर्दाश्त नहीं, देशव्यापी अभियान चलाएगी कांग्रेस

गरीब के हाथ में कटोरा थमा रही सरकार: शैलजा
सुबूत नष्ट करने वालों पर भी हो
मुकदमा:गोदियाल ,
कांग्रेस का बड़ा एलान: सड़क से सदन तक चलेगा संघर्ष, हम डरने वाले नहीं ,
महिला अस्मिता और रोजगार बचाने को व्यापक स्तर पर होगा आंदोलन
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने गुरुवार को देहरादून के एक होटल में आयोजित संगठनात्मक बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर तीखा और सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मनरेगा को कमजोर करना भाजपा की सोची-समझी साजिश है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी। इसके लिए पूरे देश में और उत्तराखंड में आंदोलन की चिंगारी सुलगा दी गई है।
कुमारी शैलजा ने कहा कि बैठक में स्पष्ट रणनीति और समय-सारिणी तय की गई है। 10 जनवरी से 15 फरवरी तक देशभर में चरणबद्ध आंदोलन होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने मनरेगा के बजट में कटौती कर ग्रामीण गरीबों की रोटी छीनने का काम किया है। मजदूरों को समय पर मजदूरी नहीं मिल रही, 100 दिन के रोजगार को कागजों तक सीमित कर दिया गया है और तकनीकी बहानों से काम रोका जा रहा है। कहा कि मनरेगा गरीब का अधिकार है, भाजपा की दया नहीं। केंद्र सरकार गरीब के हाथ में कटोरा थमा रही है। कांग्रेस इसे खत्म नहीं होने देगी। 10 जनवरी को प्रदेश के सभी जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके केंद्र सरकार के गलत फैसलों को सामने लाया जाएगा। 11 जनवरी को एक दिन का अनशन किया जाएगा। 11 से 29 जनवरी तक गांव दर गांव चौपाल होगी, ग्रामीणों को खड़गे और राहुल का संदेश पहुंचाया जाएगा। 30 को धरना दिया जाएगा। 31 से 6 फरवरी तक मनरेगा बचाव धरना प्रदर्शन जिला मुख्यालयों में आयोजित किए जाएंगे। 7 से 15 फरवरी के बीच किसी एक दिन विधानसभा का घेराव किया जाएगा। प्रेस वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, करन माहरा, गुरदीप सप्पल, पूर्व मंत्री नव प्रभात, डॉ हरक सिंह रावत, विधायक क़ाज़ी निजामुद्दीन, ममता राकेश, विक्रम सिंह नेगी, फुरकान अहमद, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, राजीव महर्षि आदि मुख्य रूप से शामिल रहे।
अंकित भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच से क्यों डर रही सरकार
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस का रुख और तीखा रहा। कुमारी शैलजा ने कहा कि यह साफ हो चुका है कि भाजपा सरकार सच्चाई से भाग रही है और प्रभावशाली लोगों को बचाने में जुटी है। उन्होंने कहा कि सरकार सीबीआई जांच से क्यों डर रही है?। कांग्रेस प्रभारी ने आरोप लगाया कि जांच को कमजोर किया गया, सबूतों से छेड़छाड़ हुई और जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया। देश भर में महिला अस्मिता को भाजपाई तार तार कर रहे हैं।
लड़ाई लंबी है, पीछे नहीं हटेगी कांग्रेस: गोदियाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि
अंकिता भंडारी मामले को पहले दिन से ही कमजोर करने की कोशिश की गई। रिसॉर्ट में बुलडोजर चलाया गया, सीएम ने खुद श्रेय लिया, अभी तक सुबूत नष्ट करने वालों पर कार्यवाही क्यों नहीं हुई। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस को डराने के लिए मुकदमा कराया गया है, हम डरने वाले नहीं हैं, नोटिस का जवाब दिया जाएगा। लड़ाई लंबी है, कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी।





