
सांस रोक देने वाले मुकाबले में 6 रन से जीती टीम इंडिया,
पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला दो-दो से बराबर
लंदन/ दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच
लंदन के ओवल में खेले गए पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट में पांचवें दिन सांस रोक देने वाले लम्हों के बीच शानदार और दमदार प्रदर्शन करते हुए तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने ना सिर्फ चरणों से ऐतिहासिक जीत दिलाकर टीम इंडिया का सम्मान बचाया, बल्कि सीरीज को दो-दो से बराबरी पर लाने में भी सबसे अहम रोल निभाया।
पांचवें और अंतिम दिन इंग्लैंड को जीत के लिए 35 और रनों की दरकार थी, जबकि भारत को चार विकेट की जरूरत थी । इंग्लैंड की टीम सीरीज में 2-1 से आगे थी, लेकिन भारत ने डीएसपी के नाम से मशहूर तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के दमदार प्रदर्शन से यह मुकाबला छह रन से जीता और सीरीज 2-2 से बराबर करने में कामयाब रहे।
सिराज ने टीम को मिली जीत में अहम योगदान दिया। मोहम्मद सिराज ने ओवल में इंग्लैंड की दूसरी पारी में 104 रन देकर 5 विकेट लिए और मैच में कुल मिलाकर 190 रन देकर 9 विकेट अपने नाम किए।
डीएसपी सिराज ने भारत को सीरीज हारने के खतरे से बचाया
लॉर्ड्स में हुई करीबी हार की वजह से भारत सीरीज में 1-2 से पीछे हो गया था और टीम पर सीरीज हारने का खतरा मंडरा रहा था। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भी यह सीरीज अहम है। यह भारतीय टीम की इस राउंड में पहली टेस्ट सीरीज है और उसमें हार से टीम इंडिया को नुकसान हो सकता था। भारत ने एजबेस्टन में खेले गए दूसरे टेस्ट को 336 रन से अपने नाम किया था। वहीं, मैनचेस्टर में खेला गया चौथा टेस्ट ड्रॉ रहा था। ओवल में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की पहली पारी मात्र 224 रन पर खत्म हुई थी। इसके जवाब में इंग्लैंड ने 247 रन बनाए थे और 23 रन की बढ़त हासिल की थी। भारत की दूसरी पारी 396 रन पर समाप्त हुई और इस तरह इंग्लैंड को 374 रन का लक्ष्य मिला। मेजबान टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और उसे बेहद रोमांचक मुकाबले में 6 रन से करीबी हार का सामना करना पड़ा।
सीरीज में बतौर गेंदबाज छाए सिराज
इंग्लैंड की सरजमीं पर खेली गई पांच टेस्ट मैचों की इस सीरीज में बतौर गेंदबाज सिराज का प्रदर्शन लाजवाब रहा । वह सीरीज के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने पांच मैचों में 23 विकेट लिए हैं। सबसे खास बात वह इस सीरीज में पांचों टेस्ट खेलने वाले एकमात्र भारतीय तेज गेंदबाज हैं। इसके अलावा इंग्लैंड की ओर से ऐसा क्रिस वोक्स ने किया। सीरीज के दौरान सिराज के जज्बे में कमी नहीं आई और यह दिखाता है कि वह क्यों टीम इंडिया के लिए अहम हैं। सिराज ने पूरी श्रृंखला के दौरान फ्रंट पर रहकर गेंदबाजी की कमान संभाली। इस सीरीज से सिराज ने अपने उन सभी आलोचकों को भी करारा जवाब दे दिया है, जिन्होंने इस प्रतिभाशाली गेंदबाज को चैंपियंस ट्रॉफी के लिए उनकी गेंदबाजी में कमियां निकालते हुए टीम में नहीं चुना था।
दो खिलाड़ी प्लेयर ऑफ द सीरीज
पांच मैचों की सीरीज में सबसे ज्यादा 754 रन बनाने वाले भारतीय कप्तान शुभमन गिल और इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज हैरी ब्रूक को प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड दिया गया. ब्रूक ने सीरीज में 2 शतकों के साथ कुल 481 रन बनाए , जबकि गिल ने सीरीज में 4 शतक जड़े ।




