उत्तराखण्डदेहरादून

उत्तराखंड में अभी जारी रहेगा बारिश  का सिलसिला, देहरादून सहित कई जनपदों में  3 दिनों के लिए रेड एवं ऑरेंज अलर्ट जारी , सीएम धामी बोले,आपदा प्रभावितों के साथ पूरी तरह खड़ी है सरकार

मुख्यमंत्री धामी की  हिदायत -अभी अलर्ट मोड पर रहें अधिकारी,
अधिकारी नदियों के जल स्तर पर रात्रि में भी रखें नजर,
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ की उच्च स्तरीय बैठक,
 कहा – भावनाओं व संवेदनाओं से भी जुड़े हैंप्रभावितों के साथ
देहरादून। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में आने वाले दिनों के लिए भारी एवं भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसको देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री  धामी ने मौसम विभाग द्वारा अगले कुछ दिनों के लिए प्रदेश के अधिकांश जनपदों के लिए जारी रेड तथा ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए शासन तथा जनपद स्तरीय अधिकारियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने तथा चौबीसों घंटे अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि अत्यधिक वर्षा के कारण राज्य के सामने लगातार चुनौतियां बनी हुई हैं और मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले कुछ दिन चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए समुचित कदम उठाए जाएं। भूस्खलन के दृष्टिगत मार्गों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की आशंका को देखते हुए सभी एहतियाती कदम उठाए जाएं। उन्होंने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन को निर्देश दिए कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से हर स्थिति पर नजर रखी जाए। उन्होंने दोनों मंडलायुक्तों को निर्देश दिए कि आपदा प्रभावितों के पुनर्वास के लिए शीघ्रता से कार्य करते हुए मैदानी जनपदों में पुनर्वास किए जाने के विकल्पों पर भी कार्य करें।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में सचिव गृह शैलेश बगौली, सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन, अपर सचिव आनंद स्वरूप, एससीईओ क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, जेसीईओ मो ओबैदुल्लाह अंसारी, हेमंत बिष्ट, रोहित कुमार आदि मौजूद रहे। वहीं प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव लोनिवि पंकज कुमार पाण्डेय, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर राजेश कुमार, मंडलायुक्त विनय शंकर पाण्डेय, दीपक रावत आदि बैठक में वर्चुअल शामिल हुए।
तमक में बैली ब्रिज जल्द बनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने ज्योतिर्मठ-मलारी नेशनल हाईवे में तमक नाले में बहे पुल को सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए जल्द से जल्द बैली ब्रिज बनाकर यातायात को सुचारू किया जाए। उन्होंने कहा बीआरओ को यदि राज्य के स्तर से किसी भी प्रकार की मदद की दरकार है तो वह तुरंत उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज कुमार पांडेय को बीआरओ के अधिकारियों के संपर्क में रहने के निर्देश दिए।
कहा – गंगोत्री हाईवे यातायात के लिए सुरक्षित बनाएं
मुख्यमंत्री ने यात्रा प्रारंभ होने से पहले गंगोत्री हाइवे को सुरक्षित बनाने तथा बेहतर स्थिति में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से यात्री एक भरोसे के साथ चार धाम यात्रा के लिए आते हैं, उनकी यात्रा को सुरक्षित बनाना हमारा कर्तव्य है, इसमें ढिलाई की कोई गुंजाइश नहीं है।
हर्षिल स्यानाचट्टी में रिवर चैनेलाइजेशन जरूरी
सीएम ने उत्तरकाशी के हर्षिल तथा स्यानाचट्टी में बनी झीलों की स्थिति तथा जल निकासी के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्यानाचट्टी में झील के जलस्तर में पुनः वृद्धि की सूचना मिली है, वहां 24×7 नजर रखी जाए तथा राहत एवं बचाव दल हर वक्त वहां तैनात रहें। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि पुल को किसी प्रकार का खतरा न हो। उन्होंने जिलाधिकारी उत्तरकाशी को निर्देश दिए कि झील के जलस्तर को कम करने तथा अधिक मात्रा में झील से जल निकासी के लिए समुचित प्रयास किए जाएं।
*******************************************
देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार के लिए रेड अलर्ट
राज्य के देहरादून, टिहरी, पौड़ी, तथा हरिद्वार जनपदों में एक सितंबर को कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा होने के साथ कुछ स्थानों में भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर होने की संभावना है (रेड अलर्ट)। साथ ही राज्य के शेष जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर होने की संभावना है (ऑरेंज अलर्ट)। वहीं दो सितंबर को राज्य के देहरादून, उत्तरकाशी, रूद्रप्रयाग, चमोली एवं बागेश्वर जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर होने की संभावना है (ऑरेंज अलर्ट)।
इन जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट
देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, उधमसिंह नगर जनपदों के कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट भी रखा गया है।
इन क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी 
चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी, टिहरी, ऊधमसिंह नगर जनपदों  के अलग-अलग स्थानों पर जैसे कि, रुद्रपुर, हल्द्वानी, काशीपुर, कोटद्वार, मसूरी, खटीमा ,श्रीनगर, चकराता, रुड़की, लक्सर, भगवानपुर, विकासनगर, देवप्रयाग तथा इनके आस पास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश, तूफान, बिजली गिरने, बहुत तीव्र से अत्यधिक तीव्र बारिश होने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button