उत्तरकाशीउत्तराखण्ड

बहादुरी से किया रेस्क्यू – भागीरथी में बह रहे युवक को एसओजी जवान और बोट संचालक ने बचाया, 

उत्तरकाशी।   उत्तरकाशी स्थित  मणिकर्णिका घाट के पास शुक्रवार देर सांय भागीरथी नदी में बह रहे एक युवक को एसओजी उत्तरकाशी के जवान और बोट संचालक ने साहस एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए सुरक्षित बचा लिया।
बता दें कि मणिकर्णिका घाट के समीप एक व्यक्ति अचानक भागीरथी नदी के तेज बहाव में बह गया। घटना स्थल से करीब 200 मीटर आगे जोशियाडा मोटर पुल के पास दैनिक निगरानी ड्यूटी पर तैनात एसओजी के आरक्षी काशीष भट्ट ने लोगों की चीख-पुकार सुनते ही बिना समय गंवाए बोट संचालक संदीप रावत के साथ जोशियाडा झील में उतरकर सर्च अभियान शुरू किया।
तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच टीम ने करीब 150 से 200 मीटर तक बह चुके युवक की लगातार तलाश जारी रखी। इसी दौरान डूब रहे युवक के केवल हाथ की उंगलियां दिखाई दीं, जिसके बाद आरक्षी काशीष भट्ट और बोट संचालक संदीप रावत ने बहादुरी और तत्परता का परिचय देते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू किए गए युवक को तत्काल कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस की मदद से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत सामान्य बताई। बाद में पुलिस ने युवक के परिजनों को अस्पताल बुलाकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया।
रेस्क्यू किए गए युवक की पहचान मनोहरी लाल (33) पुत्र खुशीराम निवासी ग्राम भैलूडा, उत्तरकाशी के रूप में हुई है।रेस्क्यू अभियान में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक निखिल देव चौधरी, आरक्षी काशीष भट्ट, आरक्षी सुनील मैठाणी, आरक्षी दीपक चौहान तथा बोट संचालक संदीप रावत शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button